Prempal Singh बालू तस्करी मामले में पुलिस रिमांड पर
*बंगाल मिरर, एस सिंह, आसनसोल, पश्चिम बर्धमान:* अवैध बालू तस्करी के मामले में गिरफ्तार जमुड़िया के पूर्व विधायक के पुत्र और युवा नेता प्रेम पाल सिंह को आसनसोल के सीजीएम कोर्ट ने 6 दिनों की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, रिमांड अवधि के दौरान आरोपी को लेकर उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड के विभिन्न इलाकों में जांच की जाएगी, जहां इस मामले से जुड़े अन्य आरोपियों के छिपे होने की आशंका है।यह मामला जमुड़िया थाना कांड संख्या 219/26 से जुड़ा है। प्राथमिकी के अनुसार, 8 जून 2026 की सुबह दामोदरपुर इलाके में जमुड़िया पुलिस ने एक ट्रैक्टर को अवैध बालू लदे हुए पकड़ा था। पुलिस के मुताबिक, ट्रैक्टर चालक संतोष माझी ने पूछताछ में कथित तौर पर बताया था कि बालू की तस्करी प्रेम पाल सिंह के इशारे पर की जा रही थी।














मामले में स्वप्न पाल, सीटू शेख, अरमान, सरोज साव और असित पाल समेत अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं।पुलिस का आरोप है कि अजय नदी से लंबे समय से अवैध तरीके से बालू उठाकर उसकी तस्करी की जा रही थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने 1 जुलाई 2026 को बहुला स्थित प्रेम पाल सिंह के आवासीय कार्यालय में छापेमारी की थी। पुलिस के अनुसार, वहां से लेन-देन से संबंधित चार पुस्तकें बरामद की गईं तथा 81 खाली कारतूस भी जब्त किए गए।
इस मामले में 23 जुलाई को आसनसोल सीजीएम अदालत ने प्रेम पाल सिंह के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। इसी वारंट के आधार पर जमुड़िया थाना पुलिस ने उन्हें अंडाल के काजी नजरूल इस्लाम एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया। बताया गया कि वह दिल्ली से आने वाली फ्लाइट से अंडाल पहुंचे थे।पुलिस अब रिमांड के दौरान कथित बालू तस्करी नेटवर्क के आर्थिक लेन-देन, इसमें शामिल अन्य लोगों और विभिन्न राज्यों में उनके संभावित ठिकानों की जांच करेगी।
हालांकि, प्रेम पाल सिंह ने अपने ऊपर लगे आरोपों को राजनीतिक साजिश बताया है। उनका कहना है कि राजनीतिक दुश्मनी के कारण उन्हें बालू तस्करी के फर्जी मामले में फंसाया गया है। खाली कारतूस की बरामदगी के संबंध में उन्होंने कहा कि वह सुरक्षा एजेंसी चलाते हैं और इस संबंध में भी समय आने पर अपना जवाब देंगे।प्रेम पाल सिंह की गिरफ्तारी के बाद जमुड़िया की राजनीति में भी हलचल तेज हो गई है। अब पुलिस की जांच और रिमांड के दौरान सामने आने वाले तथ्यों पर सभी की नजरें टिकी हैं।






