दो दिन बाद नदी से स्कूटी समेत डूबे युवक का शव बरामद, कुल्टी में सनसनी
*बंगाल मिरर, कुल्टी, राजा बनर्जीः* तेज बारिश के बीच ब्रिज से स्कूटी समेत नदी में बह गए युवक का शव बुधवार सुबह आसनसोल के कुल्टी थाना क्षेत्र के विदाईगढ़ मास्टरपाड़ा के समीप भुड़भुड़िया नदी से बरामद किया गया। मृत युवक की पहचान आमिर गियास के रूप में हुई है। वह कुल्टी थाना क्षेत्र के पुराने सीतारामपुर इलाके का रहने वाला था।बताया गया कि सोमवार, 17 अगस्त की रात आसनसोल में काम खत्म कर घर लौटने के दौरान 19 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग से सीतारामपुर जाने वाले नियामतपुर-एथोड़ा रोड स्थित जहरगढ़ ब्रिज पर पानी के तेज बहाव में आमिर गियास स्कूटी समेत बह गया।

उसके साथ मौजूद राजीव पासवान ने इसकी जानकारी दी।इसके बाद मंगलवार सुबह से पुलिस ने इलाके में युवक की तलाश शुरू की। बाद में आपदा प्रबंधन दल भी मौके पर पहुंचा। टीम ने घटनास्थल के आसपास नदी में स्पीड बोट की मदद से कई घंटों तक तलाशी अभियान चलाया, लेकिन मंगलवार रात तक लापता युवक का कोई सुराग नहीं मिला।आखिरकार बुधवार सुबह स्थानीय लोगों ने कुल्टी थाना क्षेत्र के सीतारामपुर मास्टरपाड़ा के समीप भुड़भुड़िया नदी के किनारे युवक का शव बरामद किया।

हालांकि, उसके साथ बह गई स्कूटी का अभी तक पता नहीं चल पाया है।पूरे मामले की जांच कुल्टी थाना पुलिस ने शुरू कर दी है। परिवार के सदस्यों और स्थानीय लोगों ने घटना की पूरी जांच की मांग की है।पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए आसनसोल जिला अस्पताल भेज दिया गया है।

