Annapurna Yojana का पैसा नहीं मिलने पर आसनसोल में एसडीओ कार्यालय में नाराज महिलाओं का प्रदर्शन
*बंगाल मिरर, आसनसोल, राजा बंदोपाध्याय:* ऑफलाइन से लेकर ऑनलाइन, सभी माध्यमों से बार-बार आवेदन करने के बावजूद ‘अन्नपूर्णा योजना’ की भत्ता राशि नहीं मिल रही है। सरकारी भत्ता नहीं मिलने से हो रही परेशानी और प्रशासनिक उदासीनता के विरोध में लगातार दो दिनों से महिलाओं के प्रदर्शन के कारण आसनसोल महकमा शासक या एसडीओ (सदर) कार्यालय में तनाव की स्थिति बनी रही।बुधवार के बाद गुरुवार को भी वंचित सैकड़ों महिलाएं एकजुट होकर एसडीओ कार्यालय के सामने प्रदर्शन करने पहुंचीं। उनका आरोप है कि भत्ता पाने के लिए निर्धारित सभी सरकारी शर्तें पूरी करने के साथ ही ऑफलाइन और ऑनलाइन, दोनों माध्यमों से कई बार आवेदन जमा किया गया है। इसके बावजूद आज तक उनके बैंक खातों में अन्नपूर्णा योजना की मिलने वाली राशि जमा नहीं हुई है।














प्रशासनिक कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने के बावजूद उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। मजबूर होकर उन्होंने आंदोलन का रास्ता अपनाया है।आंदोलनकारी महिलाओं ने स्पष्ट संदेश दिया कि अब किसी तरह का आश्वासन या वादा नहीं चाहिए। लंबित सभी आवेदनों की तुरंत जांच कर अन्नपूर्णा योजना का भत्ता प्रदान किया जाना चाहिए। यदि जल्द उनकी मांग पूरी नहीं की गई तो आने वाले दिनों में और बड़े आंदोलन की चेतावनी उन्होंने दी है।प्रदर्शन के कारण स्थिति तनावपूर्ण होने पर इसे नियंत्रित करने के लिए आसनसोल के महकमा शासक साधन देवनाथ ने स्वयं माइक से घोषणा करनी शुरू की।
उन्होंने प्रदर्शनकारी महिलाओं से शांत रहने की अपील की और स्पष्ट किया कि जिन लोगों ने आवेदन करने के बावजूद राशि प्राप्त नहीं की है, वे दोबारा ऑनलाइन पोर्टल पर जाकर अपनी शिकायत दर्ज करें।उन्होंने महिलाओं से कहा कि गुरुवार को जिन लोगों के आवेदन स्वीकृत हुए हैं, उनके खाते में राशि पहुंचने की अंतिम तिथि है। जिन्हें राशि नहीं मिली है, उन्हें पोर्टल पर जाकर आवेदन करना होगा। किसी प्रकार की शिकायत होने पर वहीं शिकायत दर्ज करनी होगी। इस मामले में एसडीओ कार्यालय की ओर से कुछ नहीं किया जा सकता।






