ASANSOLPANDESWAR-ANDAL

पांडवेश्वर में सनसनी तालाब से तीन दिनों से लापता युवक का शव बरामद

*बंगाल मिरर, पांडवेश्वर, राजा बंदोपाध्यायः* सुबह-सुबह तालाब से एक युवक का शव बरामद होने से पांडवेश्वर थाना क्षेत्र के हरिपुर के दत्तापुकुर इलाके में सनसनी फैल गई। मृत युवक की पहचान सोनू भुइयां (25) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।मृत युवक की दादी गंगा भुइयां ने बताया कि उनके पोते सोनू को मिर्गी की बीमारी थी। इसलिए वह हमेशा उस पर नजर रखती थीं। बुधवार सुबह खाना खाने के बाद सोनू घर से निकला था। इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटा। आसपास काफी तलाश करने के बावजूद पिछले दो दिनों से सोनू का कोई पता नहीं चल पाया था।

हालांकि, उन्होंने पोते के लापता होने की जानकारी लिखित रूप से पुलिस को नहीं दी थी।शुक्रवार सुबह हरिपुर इलाके के दत्तापुकुर के आसपास रहने वाले लोगों ने देखा कि तालाब के पानी में कुछ तैर रहा है। तुरंत इसकी सूचना पांडवेश्वर थाने को दी गई। सूचना मिलने पर पांडवेश्वर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से तालाब से सोनू का शव बरामद किया गया।स्थानीय लोगों का अनुमान है कि मिर्गी की बीमारी से पीड़ित सोनू तालाब के किनारे था या शायद तालाब में उतरा था।

उसी दौरान उसे मिर्गी का दौरा पड़ा होगा, जिसके बाद वह तालाब के पानी में गिर गया या डूबने से उसकी मौत हो गई।पुलिस ने बताया कि शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के सही कारण का पता चल पाएगा। हालांकि, मृत युवक के परिवार के सदस्यों ने बताया कि सोनू को मिर्गी की बीमारी थी।

Social Share or Summarize with AI

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *