ASANSOL

Asansol पुनर्जीवन के लिए बाजार और उद्योगों को प्राथमिकता दें: झा

बंगाल मिरर, आसनसोल: आसनसोल के विकास को लेकर आसनसोल चैंबर ऑफ कॉमर्स के सचिव शम्भुनाथ झा ने राज्य सरकार और प्रशासन से शहर के बाजार एवं औद्योगिक क्षेत्र के पुनर्जीवन को प्राथमिकता देने की मांग की है। उन्होंने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री, उद्योग मंत्री, मंत्रिमंडल के सदस्यों, आसनसोल क्षेत्र के विधायकों तथा संबंधित सरकारी अधिकारियों से इस दिशा में तत्काल ठोस पहल करने का आग्रह किया है।शम्भुनाथ झा ने कहा कि वर्तमान समय में आसनसोल को फ्लाईओवर और मेट्रो रेलवे जैसी बड़ी परियोजनाओं से अधिक तत्काल जरूरत आसनसोल के बाजार को सुव्यवस्थित और पुनर्जीवित करने की है। उनके अनुसार, बाजार में पैदल चलने के लिए पर्याप्त जगह नहीं है, पार्किंग की समुचित व्यवस्था नहीं है और यातायात व अतिक्रमण की समस्याओं के कारण आम लोगों के साथ व्यापारियों को भी परेशानी हो रही है।

उन्होंने कहा कि बाजार की अव्यवस्था का सीधा असर स्थानीय कारोबार पर पड़ रहा है और धीरे-धीरे व्यापारिक गतिविधियां आसनसोल से बाहर जाने की स्थिति में पहुंच रही हैं। ऐसे में बाजार के विकास, पार्किंग व्यवस्था, पैदल यात्रियों के लिए पर्याप्त स्थान, अतिक्रमण के उचित समाधान और यातायात प्रबंधन पर तत्काल ध्यान देने की जरूरत है।चैंबर सचिव ने आसनसोल में वर्षों से बंद पड़े ग्लास फैक्ट्री, सेनरेले कारखाना, ब्लू फैक्ट्री और इंडियन ऑक्सीजन जैसे औद्योगिक प्रतिष्ठानों की जमीन और परिसंपत्तियों का सदुपयोग कर नए उद्योग स्थापित करने की दिशा में पहल करने की मांग भी की।उनका कहना है कि आसनसोल में नए उद्योग स्थापित होने से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और इसका सकारात्मक प्रभाव शहर के बाजार एवं व्यापार पर भी पड़ेगा।

शम्भुनाथ झा ने कहा कि केवल बड़ी परियोजनाओं की घोषणा से शहर का समग्र विकास संभव नहीं है। आज जिन समस्याओं से आम जनता और व्यापारी सीधे प्रभावित हो रहे हैं, उनका समाधान पहले किया जाना चाहिए।उन्होंने कहा कि फ्लाईओवर और मेट्रो जैसी परियोजनाएं भविष्य में भी विकसित की जा सकती हैं, लेकिन यदि बाजार, व्यापारिक वातावरण और औद्योगिक गतिविधियां मजबूत नहीं होंगी, तो इन परियोजनाओं का अपेक्षित लाभ आम जनता और कारोबारियों तक नहीं पहुंच पाएगा।उन्होंने स्पष्ट कहा कि आसनसोल को केवल विकसित करने की नहीं, बल्कि पुनर्जीवित करने की जरूरत है। इसके लिए बाजार, व्यापार और उद्योग को प्राथमिकता देकर ठोस कार्ययोजना तैयार करने की आवश्यकता है, ताकि आसनसोल में खरीदारी का बेहतर माहौल, व्यापारियों के लिए अनुकूल वातावरण, नए उद्योग और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा हो सकें।

Social Share or Summarize with AI

News Editor

Mr. Chandan | Senior News Editor Profile Mr. Chandan is a highly respected and seasoned Senior News Editor who brings over two decades (20+ years) of distinguished experience in the print media industry to the Bengal Mirror team. His extensive expertise is instrumental in upholding our commitment to quality, accuracy, and the #ThinkPositive journalistic standard.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *