SAIL ISP में ट्रेड यूनियनों की सदस्यता सत्यापन के लिए मतदान की तैयारी
बंगाल मिरर, एस सिंह, बर्नपुर: बर्नपुर स्थित IISCO स्टील प्लांट (SAIL) में कार्यरत विभिन्न ट्रेड यूनियनों की सदस्यता का गुप्त मतदान (Secret Ballot) के माध्यम से सत्यापन कराने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसे लेकर उप मुख्य श्रम आयुक्त (केंद्रीय), आसनसोल की ओर से एक आधिकारिक नोटिस जारी किया गया है।














नोटिस के अनुसार, गुप्त मतदान से संबंधित महत्वपूर्ण तारीखों को तय करने के लिए प्रबंधन और सभी संबंधित ट्रेड यूनियनों के प्रतिनिधियों की बैठक बुलाई गई है। बैठक में चुनाव की तारीख, मतदाता सूची की कट-ऑफ डेट, नामांकन दाखिल करने की तिथि, चुनाव चिह्न आवंटन सहित अन्य चुनावी कार्यक्रमों पर निर्णय लिया जाएगा।
यह बैठक 27 अगस्त 2026 को दोपहर 2:30 बजे उप मुख्य श्रम आयुक्त (केंद्रीय), कन्यापुर, आसनसोल स्थित कार्यालय में होगी।नोटिस में प्रत्येक ट्रेड यूनियन से अधिकतम दो प्रतिनिधियों को बैठक में शामिल होने का निर्देश दिया गया है। इनमें अध्यक्ष और महासचिव को प्राथमिकता देने की बात कही गई है।
साथ ही नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि यदि कोई यूनियन बैठक में शामिल नहीं होती है, तो यह माना जाएगा कि वह आगामी गुप्त मतदान चुनाव में भाग लेने की इच्छुक नहीं है।वहीं, IISCO स्टील प्लांट प्रबंधन को निर्देश दिया गया है कि नोटिस की प्रति सभी संबंधित ट्रेड यूनियनों को उपलब्ध कराई जाए और इसकी पावती उप मुख्य श्रम आयुक्त (केंद्रीय) के कार्यालय में जमा की जाए।इस प्रक्रिया के जरिए प्लांट में कार्यरत ट्रेड यूनियनों की वास्तविक सदस्यता का सत्यापन गुप्त मतदान के माध्यम से किया जाना है। गौरतलब है कि मतदान को लेकर भारतीय मजदूर संघ ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था।


