बराकर में चोरी कांड में पुलिस को बड़ी सफलता, सोने-चांदी के आभूषणों के साथ 2 गिरफ्तार
*बंगाल मिरर, बराकर, राजा बंदोपाध्याय:* आसनसोल के कुल्टी थाना अंतर्गत आसनसोल नगर निगम के वार्ड नंबर 68 के करीमडांगा निवासी पंकज श्रीवास्तव के घर में छह दिन पहले हुई चोरी की घटना की जांच में बराकर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चोरी किए गए एक लाख रुपये से अधिक मूल्य के सोने और चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, चोरी की घटना के मुख्य आरोपी के रूप में स्थानीय 17 वर्षीय नाबालिग को जुवेनाइल होम भेज दिया गया है।पूरे मामले को लेकर बुधवार को आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के एसीपी (कुल्टी) जावेद हुसैन ने बराकर फाड़ी में पत्रकार सम्मेलन किया। उन्होंने घटना की पूरी जानकारी दी।














पत्रकार सम्मेलन में कुल्टी थाना के इंस्पेक्टर इंचार्ज अशोक सिंह महापात्र, बराकर फाड़ी के इंचार्ज अंजन रजक और एएसआई असीम चक्रवर्ती सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद थे।पुलिस सूत्रों के अनुसार, चोरी के आभूषण खरीदने के आरोप में निरसा निवासी रिंटू माझी को बेगुनिया दुर्गा मंदिर के पास स्थित उसकी दुकान से गिरफ्तार किया गया।
इसके बाद उसे आसनसोल अदालत में पेश कर तीन दिनों की पुलिस रिमांड पर लिया गया।रिमांड के दौरान पूछताछ के बाद रिंटू की दुकान पर छापेमारी कर बराकर फाड़ी के एएसआई असीम चक्रवर्ती ने करीब 250 ग्राम चांदी और 6 से 7 ग्राम सोना बरामद किया। पुलिस का दावा है कि बरामद आभूषण चोरी किए गए सामान का ही हिस्सा हैं।चोरी का सामान खरीदने के आरोप में गिरफ्तार रिंटू माझी को तीन दिनों की रिमांड पूरी होने के बाद गुरुवार को फिर आसनसोल अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना में और कोई शामिल है या नहीं, इसकी जांच बराकर थाना पुलिस कर रही है।


