बेटे के बाद अब पिता भी गिरफ्तार आसनसोल में ड्रग्स तस्करी गिरोह का एक और सरगना गिरफ्तार, 300 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद
*बंगाल मिरर, आसनसोल, राजा बंदोपाध्याय:* ड्रग्स तस्करी गिरोह से जुड़े होने के आरोप में तीन दिन पहले बेटे को गिरफ्तार किया गया था। अब पिता को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। आसनसोल में ड्रग्स तस्करी के खिलाफ अभियान चलाते हुए गुरुवार को आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट (एडीपीसी) के डिटेक्टिव डिपार्टमेंट (डीडी) ने यह गिरफ्तारी की। गिरफ्तार व्यक्ति का नाम मोहम्मद मुख्तार है। वह झारखंड के कुमारडुबी का रहने वाला है। उसके पास से 300 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई है। गिरफ्तार व्यक्ति को शुक्रवार को आसनसोल अदालत में पेश किया जाएगा।














जानकारी के अनुसार, ड्रग्स तस्करी के संबंध में मिली पुख्ता सूचना के आधार पर गुरुवार दोपहर आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट (एडीपीसी) के डिटेक्टिव डिपार्टमेंट (डीडी) की एक टीम ने आसनसोल के जीटी रोड स्थित बस स्टैंड के पास ओल्ड डुरांड सिनेमा हॉल के नजदीक अभियान चलाया। इस दौरान डीडी के अधिकारियों ने मोहम्मद मुख्तार को हिरासत में लिया। उसके पास से करीब 300 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार व्यक्ति ड्रग्स मामले में आरोपी मोहम्मद दानिश का पिता है, जिसे महज तीन दिन पहले गिरफ्तार किया गया था।डीडी की ओर से बताया गया है कि इस ड्रग्स की सप्लाई करने वाली पूरी चेन या गिरोह का पता लगाया जाएगा। इस गिरोह को पूरी तरह तोड़ने के लिए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।गौरतलब है कि आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के डिटेक्टिव डिपार्टमेंट (डीडी) की एक टीम ने गत 30 अगस्त, रविवार रात आसनसोल उत्तर थाना क्षेत्र के लालगंज-जुबिली रोड स्थित राय मैदान के पास एक मारुति सुजुकी अर्टिगा कार को रोका था।
इस मामले में मोहम्मद दानिश समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया गया था। कार की तलाशी लेने पर 600 ग्राम से अधिक ब्राउन शुगर बरामद की गई थी। फिलहाल दोनों आरोपी सात दिनों की पुलिस रिमांड पर हैं।रिमांड के दौरान दानिश से पूछताछ में डीडी के अधिकारियों को इस गिरोह के सरगना के तौर पर उसके पिता के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद गुरुवार को डीडी को यह बड़ी सफलता मिली।


