आसनसोल जिला अस्पताल के ट्रॉमा केयर में पहली बार “टोटल हिप रिप्लेसमेंट” का सफल ऑपरेशन
*बंगाल मिरर, आसनसोल, राजा बंदोपाध्याय:* आसनसोल जिला अस्पताल के ट्रॉमा केयर यूनिट में गुरुवार को पहली बार “टोटल हिप रिप्लेसमेंट” यानी कूल्हे के जोड़ के प्रत्यारोपण का सफल ऑपरेशन किया गया। अस्पताल के ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. समीरन डे ने 57 वर्षीय मरीज सीमांत दास का यह ऑपरेशन किया। पश्चिम बर्दवान जिले के आसनसोल के हीरापुर थाना क्षेत्र के बर्नपुर निवासी यह मरीज 25 अगस्त को आसनसोल जिला अस्पताल में भर्ती हुए थे।गुरुवार को डॉ. समीरन डे ने एनेस्थेटिक डॉ. श्रीकांत गांगुली और डॉ. ए. पाल के सहयोग से यह ऑपरेशन किया। उनके साथ नर्स और स्वास्थ्यकर्मी भी मौजूद थे। कुल मिलाकर ऑपरेशन में करीब एक घंटे का समय लगा।














बताया गया है कि फिलहाल मरीज को तीन से चार दिनों तक निगरानी में रखा जाएगा।आसनसोल जिला अस्पताल के सुपरिंटेंडेंट डॉ. तपन कुमार विश्वास ने गुरुवार को बताया कि जिला अस्पताल में इमरजेंसी विभाग के ऊपर 17 अगस्त को ट्रॉमा केयर यूनिट को आधिकारिक रूप से शुरू किया गया है। इसके बाद से ही ट्रॉमा केयर में विभिन्न विभागों के कई ऑपरेशन चिकित्सकों द्वारा किए जा चुके हैं।
गुरुवार को वहां डॉ. समीरन डे ने पहली बार टोटल हिप रिप्लेसमेंट का ऑपरेशन किया। ऑपरेशन सफल रहा है और मरीज को फिलहाल निगरानी में रखा गया है।गौरतलब है कि एक दशक से भी अधिक समय के बाद आसनसोल जिला अस्पताल में ट्रॉमा केयर यूनिट शुरू करना संभव हुआ है। पुराने बुनियादी ढांचे के जरिए ही इसे शुरू किया गया है। अस्पताल प्रबंधन की ओर से स्वास्थ्य विभाग से अतिरिक्त चिकित्सा उपकरण और चिकित्सकों की मांग की गई है।


