बिहार में शराब तस्करी की योजना नाकाम, डीडी की कार्रवाई आसनसोल में 2 लाख रुपये की शराब जब्त, 6 गिरफ्तार
*बंगाल मिरर, आसनसोल, राजा बंदोपाध्याय:* बिहार में विदेशी शराब की तस्करी की योजना को आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस के डिटेक्टिव डिपार्टमेंट (डीडी) ने नाकाम कर दिया। शनिवार शाम आसनसोल के जीटी रोड पर सताईशा मोड़ के पास डीडी के अधिकारियों की एक टीम ने एक टोटो को रोका। टोटो में कई बोरे रखे हुए थे। बोरों को खोलने पर एक विदेशी कंपनी की शराब की 10 पेटियां बरामद हुईं। पेटियों में ट्रेट्रा पैक की शराब थी। डीडी ने तुरंत शराब को जब्त कर लिया। अवैध रूप से शराब ले जाने के आरोप में 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया।प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि वे आसनसोल में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 19 के किनारे स्थित एक बार से यह शराब लेकर आए थे।









वहां से शराब की पेटियों को टोटो में रखकर आसनसोल के सताईशा इलाके के पास लाया जा रहा था। वहां से शराब की पेटियों को बिहार जाने वाली बस में चढ़ाया जाना था।डीडी की ओर से बताया गया कि जब्त की गई शराब का बाजार मूल्य करीब 2 लाख रुपये है। गुप्त सूचना मिली थी कि टोटो के जरिए शराब लाकर बस के माध्यम से बिहार में इसकी तस्करी करने की योजना बनाई गई है। इसके बाद ही डीडी की टीम ने यह कार्रवाई की।गिरफ्तार आरोपियों से आगे भी पूछताछ की जा रही है। डीडी के अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि शराब की इस तस्करी में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।






