SAIL ISP के 8,000 से अधिक ठेका श्रमिकों के न्यूनतम वेतन नहीं बनी सहमति 16 को अगली बैठक
बंगाल मिरर, एस सिंह, बर्नपुर, 7 सितंबर 2026: SAIL-ISP, बर्नपुर में कार्यरत ठेका श्रमिकों के केंद्रीय न्यूनतम वेतन के भुगतान को लेकर आज, 7 सितंबर 2026 को उप मुख्य श्रम आयुक्त (केंद्रीय), आसनसोल के समक्ष बैठक हुई।यह मामला आसनसोल आयरन एंड स्टील वर्कर्स यूनियन (INTUC) द्वारा 27 जुलाई 2026 को उठाया गया था। बैठक में यूनियन ने दावा किया कि SAIL-ISP में कार्यरत 8,000 से अधिक ठेका श्रमिकों को केंद्रीय न्यूनतम वेतन का भुगतान नहीं किया जा रहा है।









यूनियन ने कहा कि श्रमिकों को पूर्व में राज्य सरकार की न्यूनतम मजदूरी दर के अनुसार भुगतान किया जाता था तथा संबंधित सरकारी बदलाव के बाद निर्माण कार्य से जुड़े श्रमिकों के लिए लागू केंद्रीय दर अपनाई जानी चाहिए।प्रबंधन ने बताया कि SAIL-ISP में अधिकांश ठेका श्रमिक Non-Scheduled Employment में कार्यरत हैं और स्टील/मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र के लिए कोई विशिष्ट केंद्रीय न्यूनतम वेतन अधिसूचित नहीं है। प्रबंधन ने यह भी कहा कि बिना स्पष्ट दिशा-निर्देश के दरों में बदलाव से औद्योगिक संबंधों पर प्रभाव पड़ सकता है।बैठक में प्रबंधन से निर्माण श्रमिकों के लिए पूर्व में अपनाई गई राज्य न्यूनतम मजदूरी दर के आधार एवं संबंधित उच्च अधिकारियों से प्राप्त किसी दिशा-निर्देश/पत्र की जानकारी उपलब्ध कराने को कहा गया।




मामले की व्यापकता और 8,000 से अधिक ठेका श्रमिकों से जुड़े होने को देखते हुए, उप मुख्य श्रम आयुक्त (केंद्रीय) ने सभी संबंधित पक्षों के बीच समाधान की दिशा में संयुक्त चर्चा कराने का निर्णय लिया है।अगली बैठक 16 सितंबर कोसभी संबंधित पक्षों को आवश्यक दस्तावेजों एवं लिखित प्रस्तुतियों के साथ अगली बैठक में उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है। अगली बैठक 16 सितंबर 2026 को सुबह 11 बजे निर्धारित की गई है।मुख्य मुद्दा: SAIL-ISP में कार्यरत ठेका श्रमिकों के लिए लागू न्यूनतम मजदूरी दर का निर्धारण और उसका प्रभावी क्रियान्वयन।

