सर्कस के तंबू में कर्मी का फंदे से लटका शव बरामद, उखड़ा में सनसनी
*बंगाल मिरर, चरण मुखर्जी एवं सार्थक कुमार दे, दुर्गापुर:* खनन क्षेत्र तथा आसपास के ग्रामीण इलाकों में प्रसिद्ध उखड़ा का झूलन मेला हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी धूमधाम से शुरू हुआ है। मेले में विभिन्न दुकानों के साथ-साथ सर्कस भी लगाया गया है। हालांकि, उत्सव के बीच अचानक एक सर्कस कर्मी की रहस्यमयी मौत से इलाके में हड़कंप मच गया।मंगलवार सुबह सर्कस के तंबू के अंदर एक कर्मी का फंदे से लटका शव बरामद होने से उखड़ा में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अनिल कुमार ठाकुर (लगभग 57 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया गया है कि वह नदिया जिले के बेताई गांव के रहने वाले थे। घटना की सूचना मिलने के बाद अंडाल थाना क्षेत्र की उखड़ा फांड़ी की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।













सर्कस कंपनी के मैनेजर रथींद्र कुमार चटर्जी ने बताया कि अनिल कुमार ठाकुर सर्कस का तंबू किस तरह बांधा जाएगा और उसका डिजाइन कैसा होगा, इस काम में दक्ष थे। उन्होंने बताया कि उनकी सर्कस कंपनी में पहले यह काम करने वाले व्यक्ति उम्र अधिक होने के कारण कुछ समय पहले काम छोड़ चुके थे। इसके बाद कुछ दिनों पहले नदिया जिले के अनिल बाबू ने कंपनी से संपर्क किया और इस काम से जुड़ गए।
रथींद्र बाबू ने बताया कि मंगलवार सुबह उन्हें इस घटना की जानकारी मिली। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आएगी। हालांकि, सवाल यह उठ रहा है कि जो व्यक्ति सोमवार रात करीब साढ़े आठ बजे तक काम कर रहे थे, उनका शव मंगलवार सुबह अचानक फंदे से लटका हुआ कैसे मिला?

