ASANSOLDURGAPUR

नहीं दिया OTP, फोन भी नहीं उठाया दुर्गापुर में व्यवसायी के खाते से गायब 6 लाख! औद्योगिक क्षेत्र में फिर साइबर ठगी की शिकायत से हड़कंप

*बंगाल मिरर, दुर्गापुर, राजा बनर्जीः* OTP नहीं दिया। किसी लिंक पर क्लिक भी नहीं किया। यहां तक कि कोई संदिग्ध फोन कॉल भी रिसीव नहीं किया। इसके बावजूद बैंक खाते से एक साथ 6 लाख रुपये गायब हो गए! एक बार फिर इसी तरह की साइबर ठगी की शिकायत से दुर्गापुर औद्योगिक क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।जानकारी के अनुसार, दुर्गापुर के विधाननगर इलाके के व्यवसायी प्रवुद्ध गुहा के मोबाइल फोन पर सोमवार को कई बार फोन कॉल आए। हालांकि उन्होंने किसी भी फोन कॉल को रिसीव या उसका जवाब नहीं दिया। उन्होंने किसी को कोई OTP भी नहीं दिया।

मामले को लेकर संदेह होने पर उन्होंने तुरंत बैंक अधिकारियों को इसकी जानकारी दी।लेकिन आरोप है कि बैंक को सूचना देने के कुछ घंटे बाद ही उनके मोबाइल पर एक मैसेज आया। मैसेज में पता चला कि व्यवसायी के बैंक खाते से 6 लाख रुपये डेबिट हो गए हैं। घटना के बाद व्यवसायी और उनके परिवार के लोग बेहद परेशान हो गए।

परिवार का दावा है कि यह रकम इलाज के खर्च और बेटे के दाखिले के लिए बचाकर रखी गई थी और यही उनकी आखिरी जमा पूंजी थी। इस तरह खाते से पैसे गायब होने के बाद पूरा परिवार भारी चिंता में है।पैसे गायब होने की घटना के बाद उक्त व्यवसायी ने साइबर थाना सहित प्रशासन के विभिन्न विभागों में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।पुलिस ने बताया कि शिकायत दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *