Asansol Ganesh Puja की धूम, भव्य पंडाल – प्रतिमा बने आकर्षण का केंद्र
बंगाल मिरर, आसनसोल: गणेश चतुर्थी को लेकर आसनसोल और आसपास के इलाकों में धार्मिक उत्साह चरम पर है। शहर के विभिन्न पूजा आयोजकों की ओर से आकर्षक पंडाल, भव्य गणेश प्रतिमा और धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए श्रद्धालुओं को जोड़ने की तैयारी की गई है। इस वर्ष आसनसोल में कई प्रमुख गणेश पूजा अपने अलग-अलग थीम और आयोजनों को लेकर चर्चा में हैं।आसनसोल के टाइगर परिवार की गणेश पूजा इस वर्ष 24वें वर्ष में प्रवेश कर गई है। पूजा पंडाल की थीम इस बार बद्रीनाथ मंदिर पर आधारित है, जो श्रद्धालुओं और आगंतुकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। 14 से 16 सितंबर तक तीन दिनों तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें ड्राइंग प्रतियोगिता, जागरण, सुंदरकांड पाठ, भजन-कीर्तन, सनातन इतिहास पर क्विज, संध्या आरती और टाइगर्स मेगा डांस प्रोग्राम शामिल हैं। अंतिम दिन हवन के बाद खिचड़ी भोग का वितरण किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, पूजा का बजट करीब 10 लाख रुपये है।









वहीं, हट्टन रोड यूथ क्लब की गणेश पूजा इस वर्ष सातवें वर्ष में प्रवेश कर गई है। रविवार शाम फीता काटकर और दीप प्रज्वलित कर पूजा का भव्य उद्घाटन किया गया। उद्घाटन समारोह में पश्चिम बर्दवान जिला आसनसोल संगठन जिला भाजपा अध्यक्ष देबतनु भट्टाचार्य, आसनसोल उत्तर के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी, बाराबनी विधायक अरिजीत राय, समाजसेवी मुंबा मुखर्जी, भाजपा नेता सुदीप चौधरी, अजय यादव, आसनसोल इस्कॉन के महाराज, समाजसेवी कुलदीप सिंह और दुर्गेश नागी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इस दौरान ‘गणपति बप्पा मोरिया’ के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।हट्टन रोड यूथ क्लब की ओर से बच्चों को केंद्र में रखते हुए क्विज प्रतियोगिता, गायत्री मंत्र प्रतियोगिता और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पूजा के दौरान संस्कृति और सनातन धर्म से जुड़े संदेश देने वाले कार्यक्रम भी होंगे। विसर्जन के बाद खिचड़ी भोग का आयोजन किया जाएगा।





इधर, बर्नपुर हिरापुर नगर उन्नयन समिति की गणेश पूजा भी इस वर्ष 10वें वर्ष में प्रवेश कर गई है। आकर्षक पंडाल और भव्य गणेश प्रतिमा श्रद्धालुओं का ध्यान खींच रही है। कुल मिलाकर, आसनसोल में गणेश पूजा केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके जरिए बच्चों, युवाओं और आम लोगों को सांस्कृतिक एवं सामाजिक गतिविधियों से जोड़ने की कोशिश भी की जा रही है। इसके अलावा आसनसोल महावीर स्थान, धादका आरपीएफ कॉलोनी ग्राउंड, केएसटीपी में आकर्षक पूजा आयोजित किए गए हैं।

