कमल का फूल तोड़ने गए व्यक्ति की मौत जामुड़िया में तालाब से लापता व्यक्ति का शव बरामद
*बंगाल मिरर, जामुड़िया व आसनसोल, राजा बंदोपाध्याय:* सुबह-सुबह तालाब से एक व्यक्ति का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना आसनसोल के जामुड़िया थाना क्षेत्र के बेनाली गांव के घासुड़िया नामक तालाब की है। रविवार सुबह हुई इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।मृतक की पहचान मधु हेम्ब्रम (50) के रूप में हुई है। वह जामुड़िया थाना क्षेत्र के बेनाली टुइला पाड़ा के रहने वाले थे।पुलिस सूत्रों के अनुसार, गत 18 सितंबर शुक्रवार को विश्वकर्मा पूजा के दिन सुबह मधु हेम्ब्रम कमल का फूल लाने की बात कहकर घर से निकले थे। इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटे। परिवार के लोगों ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। उनकी भतीजी मिताली मुर्मू ने बताया कि परिवार ने मधु हेम्ब्रम के लापता होने की सूचना थाने में नहीं दी थी।













उन्होंने बताया कि चाचा फूल लाने की बात कहकर घर से निकले थे। हालांकि, वह इसी तालाब में कमल का फूल तोड़ने के लिए आए थे, इसकी जानकारी परिवार को नहीं थी।इधर, रविवार सुबह स्थानीय लोगों ने बेनाली गांव की कोलियरी के पास घासुड़िया तालाब में एक शव को पानी में तैरते देखा। इसके बाद उन्होंने गांव के लोगों को इसकी सूचना दी। सूचना मिलने पर लापता मधु हेम्ब्रम के परिवार के सदस्य भी मौके पर पहुंचे।बाद में श्रीपुर फांड़ी की पुलिस को सूचना मिली और पुलिस घटनास्थल पर पहुंची।
स्थानीय लोगों की मदद से तालाब से शव को बाहर निकाला गया। मधु हेम्ब्रम के परिवार के सदस्यों ने शव की पहचान की।इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए आसनसोल जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस का अनुमान है कि तालाब में कमल का फूल तोड़ने के दौरान किसी तरह पानी में डूबने से उनकी मौत हुई होगी। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के सही कारण का पता चल पाएगा।

