झारखंड रजिस्ट्रेशन वाले ऑटो घुसते ही पुलिस करेगी जब्त अग्निमित्रा पाल का कड़ा संदेश
*बंगाल मिरर, आसनसोल, राजा बंदोपाध्याय:* आसनसोल औद्योगिक क्षेत्र की सड़कों पर झारखंड रजिस्ट्रेशन वाले ऑटो के बढ़ते दबदबे को लेकर राज्य की नगर एवं शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल ने अब कड़े रुख का संदेश दिया है। उनका कहना है कि झारखंड सीमा पार कर आसनसोल के विभिन्न इलाकों में चलने वाले झारखंड नंबर के ऑटो को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करना जरूरी है। उन्होंने नियमों का उल्लंघन कर किसी वाहन के प्रवेश करने पर उसे जब्त करने जैसी कड़ी कार्रवाई की बात भी कही।अग्निमित्रा के बयान में मुख्य रूप से सीमा पार से ऑटो के आवागमन को नियंत्रित करने का मुद्दा सामने आया।













उनका दावा है कि प्रशासन के संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर मामले की समीक्षा करनी होगी और यह स्पष्ट करना होगा कि कौन-कौन से वाहन कानूनी रूप से चल सकते हैं तथा किन मामलों में कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने कहा कि झारखंड सीमा के रास्ते आसनसोल औद्योगिक क्षेत्र में प्रवेश करने वाले ऑटो पर भी निगरानी बढ़ाने की जरूरत है। साथ ही आम लोगों और ऑटो चालकों को पहले से स्पष्ट संदेश दिया जाना चाहिए कि नियमों का पालन किए बिना कोई वाहन प्रवेश करता है, तो प्रशासन उसे जब्त कर सकता है।
मंत्री ने आगे कहा, “झारखंड बॉर्डर से जो वाहन प्रवेश कर रहे हैं, उनके लिए भी नोटिफिकेशन जारी कर दिया जाए कि हम उन्हें जब्त कर लेंगे। तब वे डर के कारण नहीं आएंगे। जब उन्हें पता होगा कि वाहन जब्त हो जाएगा।”अग्निमित्रा के इस बयान के बाद आसनसोल औद्योगिक क्षेत्र में झारखंड रजिस्ट्रेशन वाले ऑटो के आवागमन को लेकर एक बार फिर चर्चा शुरू हो गई है। सीमावर्ती इलाकों में अंतरराज्यीय ऑटो परिचालन के दौरान परमिट, रजिस्ट्रेशन और परिवहन से जुड़े अन्य नियमों का कितना पालन किया जा रहा है, इसे लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
मंत्री ने स्पष्ट किया कि इस मुद्दे पर केवल चर्चा ही नहीं, बल्कि जरूरत पड़ने पर कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई भी की जानी चाहिए। उनके बयान से सीमा के रास्ते नियमों का उल्लंघन कर वाहनों के प्रवेश को रोकने के लिए ‘पहले चेतावनी, फिर कड़ी कार्रवाई’ का संदेश सामने आया है।बताया गया है कि पूरे मामले को लेकर जिले के आरटीओ के साथ आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस के डीसीपी (ट्रैफिक) जल्द ही बैठक करेंगे।

