Asansol BJP में क्या पक रही है खिचड़ी ? CM दरबार पहुंचे विधायक, बढ़ी राजनीतिक चर्चाएं
बंगाल मिरर, आसनसोल: पश्चिम बर्दवान की राजनीति में इन दिनों एक तस्वीर ने नई चर्चा को जन्म दे दिया है। सवाल उठ रहा है—आसनसोल भाजपा में आखिर क्या चल रहा है?बताया जा रहा है कि अचानक जिले के भाजपा विधायकों की एक महत्वपूर्ण गतिविधि सामने आई। तस्वीर में पांच विधायक नजर आए, लेकिन रानीगंज और जमुरिया के विधायक दिखाई नहीं दिए। वहीं, आसनसोल दक्षिण की विधायक और राज्य की शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पॉल भी इस तस्वीर में मौजूद नहीं थीं।मामला यहीं नहीं रुका। सामने आई जानकारी के मुताबिक, पांचों विधायक लोक निर्माण विभाग के मंत्री डॉ. अजय पोद्दार से मुलाकात करने पहुंचे। इसके बाद वे मुख्यमंत्री से मिलने भी गए। इस दौरान पश्चिम बर्दवान भाजपा के जिला अध्यक्ष देवतनु भट्टाचार्य भी उनके साथ दिखाई दिए।









अब राजनीतिक गलियारों में सवालों का दौर शुरू हो गया है। क्या यह महज एक सामान्य राजनीतिक मुलाकात थी या इसके पीछे कोई संगठनात्मक मुद्दा है? क्या विधायकों की बैठक पहले से तय थी? यदि थी, तो सभी नौ भाजपा विधायकों की मौजूदगी क्यों नहीं दिखी?गौरतलब है कि 2026 के विधानसभा चुनाव में पश्चिम बर्दवान की सभी नौ विधानसभा सीटों पर भाजपा के विधायक चुने गए हैं। इनमें रानीगंज से पार्थ घोष, जमुरिया से डॉ. बिजन मुखर्जी, आसनसोल दक्षिण से अग्निमित्रा पॉल, आसनसोल उत्तर से कृष्णेंदु मुखर्जी, कुल्टी से अजय कुमार पोद्दार, बाराबनी से अरिजित राय, पांडवेश्वर से जितेंद्र तिवारी तथा दुर्गापुर की दोनों सीटों से भाजपा विधायक शामिल हैं।




हालांकि, इस मुलाकात के एजेंडे या विधायकों के बीच किसी मतभेद को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। इसलिए फिलहाल अंदरूनी खींचतान की चर्चाओं को सिर्फ राजनीतिक अटकल के तौर पर ही देखा जा सकता है।लेकिन तस्वीरों में कौन मौजूद था और कौन नहीं—इसने सवाल जरूर खड़ा कर दिया है। आने वाले दिनों में अगर भाजपा संगठन या संबंधित विधायक इस मुलाकात को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी देते हैं, तो तस्वीर और साफ हो सकती है।फिलहाल आसनसोल की राजनीति में एक ही सवाल तैर रहा है—आखिर भाजपा के भीतर पक रही इस ‘खिचड़ी’ में क्या है?

