PANDESWAR-ANDAL

Lachhipur Redlight : कथित लूट और मारपीट, पुलिस की छापेमारी

बंगाल मिरर , नियामतपुर। कुल्टी थाना क्षेत्र के चर्चित लछीपुर लालबत्ती इलाके में ग्राहकों से कथित लूट और मारपीट का मामला सामने आया है। शनिवार देर रात हुई इस घटना के बाद कुल्टी थाना पुलिस ने इलाके में छापेमारी कर एक संबंधित दुकान को बंद करा दिया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक, धनबाद और गिरिडीह से कुछ ग्राहक कार से लछीपुर पहुंचे थे। आरोप है कि एक दलाल के जरिए उन्हें पीछे मंडी स्थित सागर  की दुकान पर ले जाया गया। वहां से सागर और अमित नामक युवकों द्वारा उन्हें अजय नाम के व्यक्ति के एसी रूम में ले जाने का आरोप है।

ग्राहकों का आरोप है कि देर रात उनसे अचानक करीब 2.80 लाख रुपये का बिल मांगा गया। इसका विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई और करीब 50 हजार रुपये नकद छीनने का आरोप है। साथ ही लगभग 1 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करने का दबाव बनाने की बात भी सामने आई है।
इसी दौरान पुलिस को घटना की सूचना मिली। पुलिस के पहुंचते ही वहां मौजूद कुछ लोग कथित तौर पर भागने लगे। ग्राहकों ने एक व्यक्ति का मोबाइल फोन पुलिस को सौंपा, जिसे जांच में अहम सुराग माना जा रहा है।
कुल्टी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर इलाके में छापेमारी की और संबंधित दुकान को बंद करा दिया। पुलिस घटना में शामिल लोगों की पहचान और कथित लूट की वास्तविक रकम की जांच कर रही है।

सत्ता परिवर्तन के बाद भी नहीं थमा कथित लूट-गुंडागर्दी का आरोप

लछीपुर में ग्राहकों के साथ कथित लूट और मारपीट की शिकायतें पहले भी सामने आती रही हैं। हाल में इसी तरह के एक मामले में पुलिस कार्रवाई और गिरफ्तारी की बात भी सामने आई थी। इसके बावजूद दोबारा ऐसी घटना सामने आने से इलाके में सक्रिय कथित दलाली नेटवर्क और कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
हालांकि, घटना में लूट की वास्तविक रकम और सभी आरोपियों की भूमिका पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश और पूरे मामले की जांच में जुटी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *