Accident : तारापीठ से लौटते समय डंपर और मारुति की टक्कर, तीन घायल
बंगाल मिरर, जामुड़िया, राजा बंदोपाध्याय: तारापीठ में पूजा कर घर लौट रहे श्रद्धालुओं की मारुति कार शुक्रवार को भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। जामुड़िया के चाकदोला मोड़ के पास 10 चक्का डंपर और मारुति वैन के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में कार सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मारुति कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।शुक्रवार दोपहर करीब 2:30 बजे रानीगंज-सिउड़ी 14 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यह दुर्घटना हुई।









घटना की सूचना मिलते ही जामुड़िया थाना की केंदा फांड़ी और जामुड़िया ट्रैफिक गार्ड की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कार में सवार पांच लोगों को बाहर निकाला। इनमें से तीन गंभीर रूप से घायलों को नजदीकी चिकित्सा केंद्र में भर्ती कराया गया।पुलिस सूत्रों के अनुसार, मारुति वैन में सवार लोग तारापीठ में पूजा करने के बाद रानीगंज लौट रहे थे। इसी दौरान चाकदोला मोड़ के पास उनकी कार की डंपर से टक्कर हो गई। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। वहीं, दुर्घटनाग्रस्त मारुति कार को पुलिस ने सड़क से हटवा दिया।




इस हादसे के बाद एक बार फिर राष्ट्रीय राजमार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि तेज रफ्तार और ओवरलोडेड डंपरों के कारण अक्सर उन्हें जान जोखिम में डालकर यात्रा करनी पड़ती है। कई बार प्रशासन से शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ है।स्थानीय राहगीर शैलेन बाउरी ने आरोप लगाया कि बड़े-बड़े डंपर अनियंत्रित गति से चलते हैं। सड़क पार करते समय हमेशा हादसे का डर बना रहता है। उन्होंने कहा कि आशंका रहती है कि कब कोई वाहन टक्कर मार दे।फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों और फरार डंपर की तलाश में पुलिस जुटी हुई है।

