ASANSOLRANIGANJ-JAMURIA

एक ही रात जामुड़िया में दो जगह चोरी की घटना से सनसनी, जांच में जुटी पुलिस

*बंगाल मिरर, जामुड़िया, राजा बंदोपाध्याय:* घर के सदस्यों की गैरमौजूदगी में ताला तोड़कर चोरों का दल लाखों रुपये के सोने के आभूषण और कई लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गया। शुक्रवार रात यह घटना आसनसोल के जामुड़िया थाना क्षेत्र के बेनाली गांव के मुस्लिम पाड़ा में हुई। इसी दिन इस घर से कुछ दूरी पर स्थित एक सीएसपी सेंटर में भी चोरी की घटना सामने आई। एक ही रात दो चोरी की घटनाओं से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।जानकारी के अनुसार, बेनाली गांव के मुस्लिम पाड़ा निवासी मकान मालिक काजी इलियास अपने परिवार के सदस्यों के साथ रिश्तेदार के घर गए हुए थे।

इसी मौके का फायदा उठाकर शुक्रवार रात चोरों का दल दीवार फांदकर घर में घुसा और दरवाजे का ताला तोड़ दिया। इसके बाद चोरों ने एक कमरे की अलमारी तोड़ने के साथ ही पलंग का बॉक्स भी खोल दिया और घर का सामान पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया। अलमारी में रखे करीब 3 से 4 भरी सोने के आभूषण और ढाई से 3 लाख रुपये नकद लेकर चोर फरार हो गए। परिवार के सदस्यों का दावा है कि चोरों ने घर में चाय-बिस्कुट भी खाए।मकान मालिक के छोटे भाई काजी मजामिल ने बताया कि शुक्रवार को उनके बड़े भाई परिवार के साथ रिश्तेदार के घर गए थे।

शनिवार सुबह जब काम करने वाली महिला घर पहुंची तो उसने ताला टूटा हुआ देखा और परिवार को इसकी जानकारी दी। इसके बाद वे लोग घर पहुंचे और देखा कि घर का सामान पूरी तरह अस्त-व्यस्त था। उन्होंने पूरी घटना की जानकारी अपने बड़े भाई को दी। इसके बाद जामुड़िया थाने को सूचना दी गई और पुलिस मौके पर पहुंची।उन्होंने बताया कि इस वारदात को अंजाम देने वाले लोग उनके बड़े भाई के घर के बारे में अच्छी तरह से जानते थे। उन्होंने आशंका जताई कि इस चोरी के पीछे किसी गिरोह का हाथ हो सकता है।पुलिस ने बताया कि पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *