Durgapur टावर लगाने के नाम पर लाखों की ठगी ! 3 युवतियों समेत 7 गिरफ्तार
बंगाल मिरर, दुर्गापुर: मोबाइल टावर लगाने के नाम पर मोटी रकम देने का प्रलोभन देकर साइबर ठगी करने वाले एक गिरोह का दुर्गापुर पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। दुर्गापुर के बेनाचिति इलाके में एक किराये के मकान में कार्यालय खोलकर कथित तौर पर लंबे समय से ठगी का कारोबार चलाया जा रहा था। इस मामले में तीन युवतियों समेत कुल सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के बिहार से जुड़े होने की बात सामने आई है।











पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी पश्चिम बंगाल के विभिन्न जिलों के युवक-युवतियों को साथ लेकर इस कथित ठगी के नेटवर्क को चला रहे थे। गिरोह के सदस्य देश के विभिन्न हिस्सों में लोगों से संपर्क करते थे और मोबाइल सेवा कंपनियों का टावर लगाने के नाम पर मकान या जमीन के मालिकों को मोटी रकम देने का लालच देते थे।


आरोप है कि जब कोई व्यक्ति इस प्रस्ताव पर सहमत हो जाता था, तो उससे अलग-अलग बहाने बनाकर ओटीपी मांगा जाता था। इसके बाद कथित तौर पर ओटीपी का इस्तेमाल कर संबंधित व्यक्ति के बैंक खाते से रुपये निकाल लिए जाते थे।गुप्त सूचना मिलने के बाद दुर्गापुर थाने की पुलिस ने राज्य पुलिस के साइबर विभाग और दुर्गापुर के ए-जोन फांड़ी की पुलिस के सहयोग से बेनाचिति स्थित किराये के मकान में छापेमारी की।
इस दौरान सात लोगों को गिरफ्तार किया गया।पुलिस ने मौके से कई फर्जी पहचान पत्र, सिम कार्ड, मोबाइल फोन, लैपटॉप, लैंडलाइन फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए हैं। मामले की जांच जारी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह ने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया और ठगी की कुल रकम कितनी है।

