एसबीएसटीसी बस में भीषण आग, बाल-बाल बचे यात्री
बंगाल मिरर, रानीगंज :राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर एक एसबीएसटीसी बस में भीषण आग लगने से बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई। बस में सवार सभी यात्री किसी तरह जान बचाकर बस से उतरकर भागने में सफल रहे। इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।घटना की जानकारी मिलते ही इलाके के तृणमूल नेता साधन सिंह ने रानीगंज के पंजाबी मोड़ फांड़ी की पुलिस को सूचना दी। साथ ही दमकल विभाग को भी खबर दी गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया।














घटना के बाद से बस चालक फरार बताया जा रहा है, उसका अब तक कोई पता नहीं चल सका है। आग की चपेट में आकर एसबीएसटीसी की बस पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई।आग लगने के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग के एक किनारे जली हुई बस को रखकर बाकी वाहनों को किसी तरह रास्ता दिया जा रहा था, जिससे राजमार्ग का एक हिस्सा काफी देर तक अवरुद्ध रहा। हालांकि पुलिस ने बाद में स्थिति को सामान्य कर दिया।दमकल विभाग की प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि शॉर्ट सर्किट के कारण यह आग लगी हो सकती है। बताया जा रहा है कि यह एसबीएसटीसी बस दुर्गापुर से आसनसोल की ओर जा रही थी।

