गोपाल हत्याकांड के मुख्य आरोपी कृष्णा को प्रयागराज जेल से ट्रांजिट रिमांड पर आसनसोल लाया गया
बंगाल मिरर, एस सिंह : बहुचर्चित चिनाकुड़ी गोपाल हत्याकांड में नियामतपुर थाना पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। मामले के मुख्य आरोपी कृष्णा नोनिया को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जेल से ट्रांजिट रिमांड पर आसनसोल लाया गया है। शुक्रवार को आरोपी को आसनसोल अदालत में पेश किया गया, जहां अदालत ने उसे 5 दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया।पुलिस सूत्रों के मुताबिक, वर्ष 2025 के 19 अगस्त को हुए चर्चित गोपाल हत्याकांड के बाद से ही कृष्णा नोनिया फरार चल रहा था। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश में जुटी हुई थी।














इसी दौरान मोबाइल चोरी के एक मामले में आरोपी उत्तर प्रदेश में गिरफ्तार हुआ और प्रयागराज जेल में बंद था।आरोपी की लोकेशन की जानकारी मिलने के बाद नियामतपुर थाना पुलिस की एक टीम उत्तर प्रदेश पहुंची। वहां कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर आसनसोल लाया गया।जांच अधिकारियों का मानना है कि पुलिस हिरासत के दौरान पूछताछ में हत्या से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं। पुलिस को उम्मीद है कि इस हत्याकांड की पूरी साजिश और इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आएगी।
गौरतलब है कि इस मामले में पुलिस पहले ही तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। अब मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद जांच में तेजी आने की संभावना जताई जा रही है।गोपाल हत्याकांड को लेकर इलाके में लंबे समय से चर्चा और तनाव का माहौल था। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद स्थानीय लोगों में भी मामले में न्याय मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।

