ASANSOL

डबल इंजन से जिले के विकास की गति होगी तेज

बंगाल मिरर, आसनसोल: पश्चिम बर्धमान जिले के नौ विधानसभा क्षेत्रों के विकास को लेकर सोमवार को आसनसोल स्थित डीएम कार्यालय में एक अहम प्रशासनिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य की महिला एवं बाल कल्याण, नगर विकास और नगर मामलों की मंत्री Agnimitra Paul, पश्चिम बर्धमान के जिलाधिकारी S Ponnabalam, जिले के नौ में 8 भाजपा विधायक और विभिन्न प्रशासनिक विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।बैठक में जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में आधारभूत संरचना, जनहित सेवाओं और विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाने पर विस्तार से चर्चा की गई। मंत्री अग्निमित्रा पाल ने बैठक के बाद कहा कि जिले में यह पहली प्रशासनिक समन्वय बैठक है, जिसमें सभी विभागों के अधिकारियों और नौ विधायकों के बीच सीधा संपर्क स्थापित किया गया है। इससे भविष्य में जल, सड़क, स्ट्रीट लाइट समेत विभिन्न समस्याओं का त्वरित समाधान संभव हो सकेगा।

उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले भाजपा ने “डबल इंजन सरकार” बनने पर विकास की गति तेज होने का वादा किया था और अब पूरे पश्चिम बंगाल के साथ-साथ पश्चिम बर्धमान में भी तेजी से विकास कार्य किए जाएंगे। मंत्री ने कहा कि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर लोगों की समस्याओं का जल्द समाधान करना सरकार की प्राथमिकता है।बैठक के बाद जिलाधिकारी एस पोन्नाबालम ने बताया कि बैठक में एडीएम, एसडीओ, बीडीओ सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद थे। बैठक में जिले में पेयजल, सड़क और अन्य जनसुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई और विधायकों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को रखा। उन्होंने बताया कि 18 मई से 25 मई तक “जन भागीदारी प्रचार अभियान” चलाया जाएगा। बैठक में इस अभियान को लेकर भी चर्चा हुई और अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने की रणनीति पर विचार किया गया।

Social Share or Summarize with AI

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *