ASANSOLBARABANI-SALANPUR-CHITTARANJAN

बकरीद पर अदा की गई नमाज, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

बंगाल मिरर, आसनसोल/बाराबनी, राजा बंदोपाध्यायः बकरीद यानी ईद-उल-अजहा के पावन अवसर पर गुरुवार सुबह आसनसोल और बाराबनी क्षेत्र में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने बड़े उत्साह और श्रद्धा के साथ नमाज अदा की। इस दौरान विभिन्न ईदगाहों और मस्जिदों में भारी संख्या में लोग जुटे तथा अमन, शांति और भाईचारे की दुआ मांगी गई।आसनसोल के ईदगा स्कूल मैदान में बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने ईद-उल-अजहा की नमाज अदा की। इस अवसर पर राज्य के पूर्व मंत्री मलय घटक भी मौजूद रहे। उन्होंने नमाज में शामिल लोगों को ईद की शुभकामनाएं दीं।मलय घटक ने कहा कि पूरे विश्व के साथ-साथ आसनसोल औद्योगिक क्षेत्र के मुस्लिम समुदाय के लोग भी इस पवित्र अवसर पर एकत्रित होकर नमाज अदा कर रहे हैं।

उन्होंने सभी लोगों के सुख, शांति और सांप्रदायिक सौहार्द की कामना की।वहीं बाराबनी विधानसभा क्षेत्र में भी ईद-उल-अजहा का त्योहार श्रद्धा और शांतिपूर्ण माहौल में मनाया गया। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने विभिन्न मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज अदा कर कुर्बानी का त्योहार मनाया।त्योहार के दौरान किसी प्रकार की सांप्रदायिक तनाव की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया।

बाराबनी थाना पुलिस ने केंद्रीय बलों के जवानों के साथ दোমोहानी बाजार, मदनपुर गांव, कलेजोड़ा समेत विभिन्न इलाकों में गश्त की।बाराबनी थाना के ओसी दिव्येंदु मुखोपाध्याय के नेतृत्व में पुलिस और केंद्रीय बलों ने इलाके में फ्लैग मार्च किया। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए कई स्थानों पर ड्रोन कैमरों के जरिए निगरानी रखी गई।पूरे इलाके में ईद का त्योहार शांतिपूर्ण और भाईचारे के माहौल में संपन्न हुआ।

Social Share or Summarize with AI

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *