Minister Dr Ajay Poddar बोले “समय का इंतजार कीजिए, सभी को तिहाड़ जाना होगा”
बंगाल मिरर, आसनसोल : राज्य मंत्रिमंडल में पूर्ण मंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद पहली बार अपने जिले पश्चिम बर्दवान पहुंचे कुल्टी के विधायक एवं राज्य मंत्री डॉ. अजय पोद्दार ने गुरुवार शाम तृणमूल कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। इस अवसर पर उनका स्वागत करने के लिए रानीगंज में भाजपा नेता पार्थ घोष सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद थे।पत्रकारों से बातचीत करते हुए डॉ. पोद्दार ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता तथा भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों के आशीर्वाद एवं समर्थन की बदौलत भाजपा को राज्य में भारी जनसमर्थन मिला है। इसके लिए उन्होंने सभी का आभार व्यक्त किया।उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का “हिंसा और भयमुक्त बंगाल” बनाने का सपना अब धीरे-धीरे साकार होने लगा है।













डॉ. पोद्दार के अनुसार, पिछले 15-20 दिनों में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में राज्य की स्थिति में उल्लेखनीय बदलाव देखने को मिला है।मंत्री ने कहा कि नई सरकार ने बहुत कम समय में ऐसे कई कार्य पूरे किए हैं, जिनमें पहले महीनों और वर्षों का समय लग जाता था। उन्होंने विश्वास जताया कि इसी गति से विकास कार्यों को आगे बढ़ाते हुए भाजपा सरकार “सोनार बांग्ला” के अपने संकल्प को पूरा करेगी।
तृणमूल कांग्रेस पर हमला बोलते हुए डॉ. पोद्दार ने कहा, “जैसा कर्म, वैसा फल। जिन्होंने अतीत में दूसरों के साथ जैसा व्यवहार किया, आज वही परिस्थितियां उनके सामने खड़ी हैं।”उन्होंने दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस के कई नेताओं के खिलाफ विभिन्न मामलों में जांच चल रही है। साथ ही उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ साइबर क्राइम कानून के तहत दर्ज एफआईआर का उल्लेख करते हुए कहा कि कानून अपना काम करेगा।अपने बयान के अंत में डॉ. पोद्दार ने कहा, “समय का इंतजार कीजिए, सभी को तिहाड़ जेल जाना होगा।”


