ASANSOL

Asansol नगर निगम में अस्थायी कर्मियों का प्रदर्शन, UDMA के निर्देश के अनदेखी का आरोप, भविष्य को लेकर जताई चिंता

बंगाल मिरर, आसनसोल: आसनसोल नगर निगम के अस्थायी कर्मियों ने मंगलवार को नगर निगम मुख्यालय में जमकर विरोध-प्रदर्शन किया। कर्मियों का आरोप है कि राज्य के शहरी विकास विभाग द्वारा सभी नगर निकायों से स्थायी एवं अस्थायी कर्मचारियों की सूची मांगी गई थी, ताकि विभागीय स्तर पर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा सके।

प्रदर्शनकारी कर्मियों का दावा है कि राज्य के अधिकांश नगर निकायों ने कर्मचारियों की सूची विभाग को भेज दी है, लेकिन उन्हें जानकारी मिली है कि आसनसोल नगर निगम की ओर से अब तक ऐसी कोई सूची नहीं भेजी गई है। इससे कर्मियों के बीच अपने रोजगार और भविष्य को लेकर चिंता बढ़ गई है।

कर्मियों का कहना है कि यदि समय पर सूची नहीं भेजी गई तो इसका प्रतिकूल असर उनकी नौकरी पर पड़ सकता है। इसी आशंका के चलते बड़ी संख्या में कर्मचारी संबंधित विभाग से जानकारी लेने नगर निगम मुख्यालय पहुंचे। हालांकि वहां कोई जिम्मेदार अधिकारी मौजूद नहीं था, जिससे उन्हें कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिल सका।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि न तो संबंधित विभाग के अधिकारी उपलब्ध थे और न ही महापौर अथवा नगर निगम का कोई वरिष्ठ अधिकारी उनकी शंकाओं का समाधान करने के लिए मौजूद था। इससे कर्मचारियों में नाराजगी और बढ़ गई।

कर्मियों ने यह भी आरोप लगाया कि नगर निगम में कुछ कर्मचारी और अधिकारी वर्षों से एक ही पद पर जमे हुए हैं। उनका कहना है कि इनमें से कई लोग वाम मोर्चा (सीपीएम) शासनकाल से ही एक ही विभाग अथवा पद पर कार्यरत हैं, जिससे कार्य संस्कृति प्रभावित हो रही है। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि लंबे समय तक एक ही पद पर बने रहने के कारण कुछ लोग अपने पद का अनुचित लाभ भी उठा रहे हैं। उन्होंने ऐसे कर्मचारियों और अधिकारियों की भूमिका की जांच कर आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई की मांग की।

अस्थायी कर्मियों ने राज्य सरकार और शहरी विकास विभाग से इस पूरे मामले में हस्तक्षेप करने की अपील की है। उनका कहना है कि कर्मचारियों के भविष्य से जुड़े इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर तत्काल स्पष्टता लाई जानी चाहिए तथा सूची भेजने में यदि किसी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता हुई है तो उसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।फिलहाल नगर निगम प्रशासन की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Social Share or Summarize with AI

News Editor

Mr. Chandan | Senior News Editor Profile Mr. Chandan is a highly respected and seasoned Senior News Editor who brings over two decades (20+ years) of distinguished experience in the print media industry to the Bengal Mirror team. His extensive expertise is instrumental in upholding our commitment to quality, accuracy, and the #ThinkPositive journalistic standard.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *