RANIGANJ-JAMURIA

प्रेमपाल सिंह के कार्यालय पर पुलिस का छापा, 80 खाली कारतूस और दस्तावेज बरामद

बंगाल मिरर, चरण मुखर्जी, जामुड़िया: पश्चिम बर्दवान जिले के जामुड़िया में बुधवार को पूर्व तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) विधायक हरे राम सिंह के पुत्र प्रेम पाल सिंह के बहुला स्थित कार्यालय पर जामुड़िया थाना पुलिस ने छापेमारी की। इस कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

पुलिस ने कार्यालय की तलाशी के दौरान 80 खाली कारतूस (गोली के खोखे) बरामद किए। इसके अलावा कुछ महत्वपूर्ण और कथित आपत्तिजनक दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं। सभी बरामद सामान को कब्जे में लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

गौरतलब है कि वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव में हरे राम सिंह जामुड़िया से टीएमसी विधायक चुने गए थे। उनके पुत्र प्रेम पाल सिंह का नाम पिछले कुछ वर्षों में कई विवादों को लेकर चर्चा में रहा। स्थानीय राजनीतिक हलकों में उनके व्यवहार और गतिविधियों को लेकर अक्सर सवाल उठते रहे। विधानसभा चुनाव के दौरान तत्कालीन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी एक चुनावी सभा में हरे राम सिंह को उनके बेटे के आचरण को लेकर सार्वजनिक रूप से चेतावनी दी थी।

स्थानीय लोगों के अनुसार, सरकार बदलने के बाद से प्रेम पाल सिंह सार्वजनिक रूप से कम ही दिखाई दिए हैं। ऐसे में उनके कार्यालय पर पुलिस की इस कार्रवाई ने एक बार फिर उन्हें चर्चा के केंद्र में ला दिया है।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि कार्यालय से 80 खाली कारतूस मिले हैं। अब यह जांच की जा रही है कि इन कारतूसों का इस्तेमाल कब और किस परिस्थिति में किया गया था। साथ ही कुछ दस्तावेज भी बरामद हुए हैं, जिनकी जांच की जा रही है। छापेमारी के समय न तो पूर्व विधायक हरे राम सिंह और न ही उनके पुत्र प्रेम पाल सिंह कार्यालय में मौजूद थे।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि बरामद कारतूस और दस्तावेजों का किसी आपराधिक मामले से संबंध है या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *