आसनसोल में ईसीएल का अतिक्रमण हटाओ अभियान बुलडोज़र से 20 परित्यक्त आवास ध्वस्त
*बंगाल मिरर, आसनसोल, राजा बंदोपाध्यायः* अवैध कब्जे को रोकने के उद्देश्य से ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) ने बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। मंगलवार से ईसीएल के श्रीपुर-सातग्राम एरिया के भनोड़ा-गिरमिंट ग्रुप के गिरमिंट क्षेत्र स्थित चाल्लिश धावड़ा में बुलडोज़र चलाकर लगभग 20 जर्जर और परित्यक्त आवासों को ध्वस्त करने का कार्य शुरू किया गया।अभियान के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए ईसीएल के श्रीपुर-सातग्राम एरिया के वरिष्ठ अधिकारी, आसनसोल उत्तर थाना पुलिस, ईसीएल की सुरक्षा टीम तथा सीआईएसएफ के जवान मौजूद रहे। पूरे अभियान को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अंजाम दिया गया।














ईसीएल सूत्रों के अनुसार, ये आवास लंबे समय से अत्यंत जर्जर अवस्था में थे और इनके कभी भी ढह जाने से बड़ा हादसा हो सकता था। खतरे के बावजूद कुछ लोग इन आवासों में लंबे समय से अवैध रूप से रह रहे थे। अधिकारियों ने उन्हें कई बार नोटिस और निर्देश देकर मकान खाली करने को कहा, लेकिन उन्होंने इसका पालन नहीं किया।आखिरकार, 22 जुलाई को ईसीएल की ओर से आवास खाली करने का अंतिम नोटिस जारी किया गया। नोटिस की समय-सीमा समाप्त होते ही पूर्व निर्धारित योजना के अनुसार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई।

इस संबंध में ईसीएल के भनोड़ा-गिरमिंट ग्रुप की डिप्टी मैनेजर जयश्री यादव और सर्वे अधिकारी संजय चट्टोपाध्याय ने बताया कि ये आवास बेहद खतरनाक स्थिति में थे और किसी भी समय दुर्घटना होने से जनहानि हो सकती थी। उन्होंने कहा कि अवैध रूप से रह रहे लोगों से लंबे समय तक आवास खाली करने का अनुरोध किया गया, लेकिन उन्होंने इसे नहीं माना। इसलिए लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूर्व सूचना देकर परित्यक्त 20 आवासों को तोड़ने का कार्य शुरू किया गया है। उन्होंने बताया कि यह अभियान अगले दो दिनों के भीतर पूरा कर लिया जाएगा।

