हाजी कदम रसूल हाई स्कूल के 9 शिक्षकों पर कार्रवाई की मांग, प्रधानाध्यापक ने डीआई को लिखा पत्र
बंगाल मिरर, आसनसोल: बाढ़ के बाद प्रशासनिक आदेश की अनदेखी पर हाजी कदम रसूल हाई स्कूल के 9 शिक्षकों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांगपश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्धमान स्थित हाजी कदम रसूल हाई स्कूल (एच.एस.), आसनसोल के प्रधानाध्यापक ने जिला विद्यालय निरीक्षक को पत्र लिखकर अपने ही स्कूल के 9 शिक्षकों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की है। 17 और 18 अगस्त को आसनसोल में आई भीषण बाढ़ के कारण ओके रोड स्थित स्कूल की पुरानी इमारत जलमग्न हो गई थी, जिसके बाद सुरक्षा और स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए प्रशासक ने पुरानी इमारत में कक्षाएं निलंबित कर सभी शिक्षण कर्मचारियों को बी.सी. रॉय रोड स्थित मुख्य प्रशासनिक (नई) इमारत में अपनी सेवाएं देने का निर्देश दिया था।














पुरानी इमारत के प्रभारी गजाली खान समेत अन्य शिक्षकों ने आदेश का पालन करते हुए नई इमारत में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई, लेकिन 9 शिक्षकों ने इस प्रशासनिक आदेश की अवहेलना की और 19 अगस्त से लगातार बिना किसी सूचना के अनुपस्थित चल रहे हैं। इस मामले में आरोपी शिक्षकों के नाम मोहम्मद इमरान, मोहम्मद अली अंसारी, मोहम्मद इमरान अंसारी, शबनम परवीन, मोहम्मद असलम अंसारी, सुरैया रू खातून, मोहम्मद शादाब अय्यूब, मोजम्मिल हुसैन और सफदर शादाब हैं।विद्यालय प्रशासन के अनुसार, इन शिक्षकों का यह आचरण नया नहीं है।
इन्होंने इससे पूर्व 9 जनवरी से 17 जनवरी के दौरान भी अपनी आवंटित कक्षाएं लेने से मना कर दिया था, जिसकी जांच पश्चिम बंगाल माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (WBBSE) के समक्ष पहले से चल रही है। प्रधानाध्यापक ने इसे स्कूल प्रशासन के आदेशों को बार-बार चुनौती देने की आदत बताते हुए बोर्ड के नियमों के तहत सख्त कदम उठाने का अनुरोध किया है। फिलहाल, नौवीं और दसवीं कक्षा की छात्राओं की पढ़ाई सुचारू रूप से चलाने के लिए उनकी कक्षाएं अस्थायी रूप से नई इमारत में स्थानांतरित कर दी गई हैं।


