दुर्गापुर में सीपीएम की सभा को लेकर तनाव, विरोध में ढाक बजाकर ‘जय श्री राम’ के नारे
*बंगाल मिरर, दुर्गापुर, राजा बंदोपाध्याय:* दुर्गापुर में आसनसोल-दुर्गापुर विकास प्राधिकरण (एडीडीए/ADDA) के सामने सीपीएम की विरोध सभा को लेकर शुक्रवार शाम तनाव फैल गया। इस सभा में मुख्य वक्ता के रूप में सीपीएम नेता शतरूप घोष और मीनाक्षी मुखर्जी मौजूद थीं। उनके साथ पार्टी के नेता, कार्यकर्ता और समर्थक भी उपस्थित थे। दूसरी ओर, सीपीएम के सभा स्थल के सामने विश्व हिंदू रक्षा वाहिनी के समर्थक भी जुट गए।सीपीएम की सभा के दौरान कुछ ही देर में दोनों पक्षों की मौजूदगी से स्थिति तनावपूर्ण हो गई। शतरूप घोष के भाषण के बीच विश्व हिंदू रक्षा वाहिनी के समर्थक ढाक बजाते हुए ‘जय श्री राम’ के नारे लगाने लगे। उनका आरोप था कि सभा स्थल से शतरूप घोष और मीनाक्षी मुखर्जी के भाषण में हिंदू विरोधी टिप्पणियां की गई हैं।













संगठन के समर्थकों का दावा था कि उन्हीं बयानों के विरोध में वे वहां पहुंचे थे।वहीं, सीपीएम की ओर से आरोप लगाया गया कि उनकी विरोध सभा को बाधित करने के उद्देश्य से विश्व हिंदू रक्षा वाहिनी के समर्थक सभा स्थल के सामने आकर ढाक बजाते हुए नारे लगा रहे थे। उनका कहना है, “हमने काफी पहले पुलिस से इस सभा के आयोजन की अनुमति ली थी। अब पुलिस हमें वहां से हटने के लिए कह रही है। जो लोग हंगामा कर रहे हैं, पुलिस उन्हें कुछ नहीं कह रही है।
असल बात यह है कि बंगाल की जनता ने महज चार महीने में ही भाजपा का असली चेहरा समझ लिया है। इसलिए जब हम लोगों की मांगों को लेकर सड़क पर उतरकर आंदोलन कर रहे हैं, तब भाजपा अपने संगठन को उतारकर लोगों को धर्म और हिंदू के नाम पर भ्रमित करने की कोशिश कर रही है।”दोनों पक्षों के एक-दूसरे के खिलाफ बयान और नारेबाजी को लेकर इलाके में तनाव का माहौल बन गया। पहले से ही मौके पर तैनात पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के साथ-साथ दोनों पक्षों को शांत कराने की कोशिश की।

