ASANSOL

Asansol : ढही भवन की दीवार, 2 घायल, पहुंचे विधायक, खतरनाक इमारतों पर उठे सवाल

बंगाल मिरर, आसनसोल: आसनसोल दक्षिण थाना क्षेत्र के हाटन रोड संलग्न गौर मंडल रोड में एक भवन की दीवार अचानक ढहने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में दो लोग घायल हो गए। घटना की खबर मिलते ही स्थानीय विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल भेजने की व्यवस्था की। नगर निगम से सफाईर्कोमियों को बुलवाकर रास्ते से मलबे को हटवाया।

घटना के बाद एक बार फिर आसनसोल शहर में मौजूद जर्जर और संभावित रूप से खतरनाक भवनों को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं। शहर के विभिन्न इलाकों में कई पुराने और जर्जर मकान एवं भवन नजर आते हैं, जिनमें से कुछ की हालत लंबे समय से चिंता का विषय बनी हुई है।

ऐसे में सवाल है कि किसी बड़े हादसे का इंतजार किया जाएगा या पहले ही इन इमारतों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी?हाटन रोड इलाके की घटना में गनीमत रही कि दीवार गिरने के दौरान कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। हालांकि दो लोगों के घायल होने से खतरे की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।यह सवाल भी उठ रहा है कि आखिर खतरनाक भवनों की निगरानी की जिम्मेदारी किसकी है? क्या नगर निगम के पास ऐसे जर्जर भवनों का सर्वे और सूची मौजूद है? अगर है, तो उन पर अब तक क्या कार्रवाई हुई? और अगर नहीं है, तो क्या किसी हादसे के बाद ही व्यवस्था जागेगी?

आसनसोल जैसे पुराने औद्योगिक शहर में बड़ी संख्या में दशकों पुराने मकान और व्यावसायिक भवन मौजूद हैं। कई जगहों पर भवनों की दीवारों, छतों और ढांचे की हालत देखकर आम लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता पैदा होती है। बरसात के मौसम में ऐसे भवनों का खतरा और बढ़ जाता है।नगर निगम की ओर से शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर लगातार निरीक्षण और सख्ती दिखाई जा रही है। अब जरूरत इस बात की भी है कि सफाई के साथ-साथ शहर की जर्जर इमारतों का भी व्यापक सर्वे कराया जाए।

क्योंकि सवाल सिर्फ एक दीवार गिरने का नहीं है। सवाल यह है कि आसनसोल में ऐसी कितनी इमारतें हैं, जिनके नीचे से आम लोग रोज गुजरते हैं और ऊपर से खतरा मंडरा रहा है?एक दीवार ने आज चेतावनी दी है। उम्मीद है कि प्रशासन इसे हादसे की खबर नहीं, बल्कि अगले हादसे से पहले मिलने वाला अलर्ट समझेगा।

News Editor

Mr. Chandan | Senior News Editor Profile Mr. Chandan is a highly respected and seasoned Senior News Editor who brings over two decades (20+ years) of distinguished experience in the print media industry to the Bengal Mirror team. His extensive expertise is instrumental in upholding our commitment to quality, accuracy, and the #ThinkPositive journalistic standard.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *