Rupnarayanpur से लापता तीन नाबालिग लड़कियां पटना से बरामद, पुलिस की जांच जारी
बंगाल मिरर, रूपनारायणपुर : रूपनारायणपुर से लापता हुई तीन नाबालिग लड़कियों को आखिरकार बिहार के पटना से बरामद कर लिया गया है। सालानपुर थाना अंतर्गत रूपनारायणपुर फांड़ी की पुलिस ने लगातार तीन दिनों तक अभियान चलाकर तीनों को सुरक्षित बरामद किया।जानकारी के मुताबिक, अचानक लापता हुई तीनों लड़कियां आसनसोल से ट्रेन में सवार हुई थीं। इसके बाद पुलिस की जांच का रुख पटना की ओर हुआ। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और विभिन्न सूत्रों के आधार पर उनकी संभावित लोकेशन का पता लगाया।फांड़ी इंचार्ज सुमंगल सरकार के नेतृत्व में जांच शुरू की गई। इसके बाद जांच अधिकारी सुमंत साहाना समेत पुलिस की एक विशेष टीम पटना पहुंची।









वहां लगातार तीन दिनों तक अलग-अलग सूत्रों की जांच और तलाश के बाद पुलिस को एक घर का पता चला।पुलिस ने वहां छापेमारी कर 8, 10 और 12 वर्ष की तीनों नाबालिगों को बरामद किया। बताया जा रहा है कि तीनों में दो सगी बहनें हैं, जबकि तीसरी उनकी पड़ोसी है। पुलिस के अनुसार, तीनों एक महिला के पास मिलीं।हालांकि, तीनों नाबालिग पटना तक कैसे पहुंचीं? उनके साथ कौन गया था और महिला के पास वे किन परिस्थितियों में रह रही थीं—इन तमाम सवालों की जांच अब पुलिस कर रही है।कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद तीनों को रूपनारायणपुर वापस लाया गया।




बुधवार को आसनसोल चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के माध्यम से तीनों नाबालिगों को उनके परिवार के हवाले कर दिया गया।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश में जुटी है कि तीनों नाबालिग पटना कैसे पहुंचीं और उन्हें वहां रखने के पीछे क्या वजह थी।

