कुल्टी में बंगाल-झारखंड सीमा पर कोयला लदे ट्रक में लगी आग
*बंगाल मिरर, कुल्टी, राजा बंदोपाध्याय:* बंगाल-झारखंड सीमा पर कुल्टी थाना क्षेत्र के चौरंगी फांड़ी अंतर्गत डुबुडीही चेकपोस्ट के पास 19 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग के पार्किंग क्षेत्र में एक कोयला लदे ट्रक में अचानक आग लग गई। बुधवार को हुई इस घटना को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग से सटे पार्किंग क्षेत्र में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।ट्रक चालक मोहम्मद सिराज ने बताया कि वह झारखंड के निरसा से वैध कोयला लादकर राणाघाट के लिए रवाना हुआ था। रात में डुबुडीही चेकपोस्ट के पास पार्किंग क्षेत्र में ट्रक खड़ा किया गया था। इसी दौरान अचानक ट्रक में आग लग गई।कुछ ही पलों में आग का धुआं चारों ओर फैल गया, जिससे वहां मौजूद अन्य वाहनों के चालकों और व्यवसायियों के बीच अफरा-तफरी मच गई।













आग पर काबू पाने और बचाव कार्य के लिए स्थानीय चालक और व्यवसायी तुरंत आगे आए। कुल्टी थाना के चौरंगी फांड़ी की पुलिस को इसकी सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाने का काम शुरू किया। इसी बीच सूचना पाकर दमकल की एक गाड़ी भी घटनास्थल पर पहुंची। दमकल कर्मियों की तत्परता और सावधानीपूर्वक कार्रवाई से कुछ ही देर में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिए जाने के कारण घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

चालक का दावा है कि ट्रक में लदे कोयले से संबंधित सभी दस्तावेज वैध थे। हालांकि, खड़े ट्रक में कोयला लदे होने के दौरान आग कैसे लगी, इसे लेकर रहस्य बना हुआ है। आग यांत्रिक खराबी के कारण लगी या इसके पीछे कोई अन्य वजह है, इसकी जांच के लिए दमकल विभाग और कुल्टी थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

