Durgapur : आधी आबादी की सुरक्षा के लिए उतरी ‘दुर्गा सुरक्षा स्क्वाड’
बंगाल मिरर, दुर्गापुर : दुर्गापुर में महिलाओं की सुरक्षा को अभेद्य बनाने के लिए आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट ने एक बड़ा और कड़ा कदम उठाया है। शहर में महिला सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के तहत खास ‘दुर्गा सुरक्षा स्क्वाड’ की शुरुआत की गई है। महिला पुलिस अधिकारियों से लैस यह स्पेशल दस्ता अब शहर और आसपास के इलाकों में चौबीसों घंटे निगरानी रखेगा।इस खास पहल का मुख्य उद्देश्य शहर की हर बेटी और महिला को सुरक्षित माहौल देना और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस सहायता पहुंचाना है।









दुर्गापुर में आयोजित उद्घाटन कार्यक्रम में पुलिस कमिश्नर डॉ. प्रणब कुमार, दुर्गापुर पूर्व के विधायक चंद्रशेखर बंद्योपाध्याय, दुर्गापुर पश्चिम के विधायक लक्ष्मण घोरुई और डीसीपी रसप्रीत सिंह सहित कमिश्नरेट के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।शुरुआती चरण में ‘दुर्गा वाहिनी स्क्वाड’ को 8 विशेष गश्ती गाड़ियां सौंपी गई हैं, जिनकी संख्या आने वाले दिनों में और बढ़ाई जाएगी। किसी भी तरह की छेड़खानी, परेशानी या आपात स्थिति में महिलाएं सीधे 100 या 112 नंबर डायल कर इस दस्ते की तुरंत मदद ले सकेंगी। संदेश साफ है—दुर्गापुर की सड़कों पर अब महिलाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों की खैर नहीं।





