ASANSOL

Asansol अतिक्रमणकारियों को निगम का नोटिस, मचा हड़कंप

बंगाल मिरर,  आसनसोल : ( Asansol News In Hindi ) आसनसोल नगरनिगम द्वारा शहर में जीटी रोड के किनारे अवैध रूप से कब्जा करने वालों को नोटिस देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जिसके बाद से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मचा हुआ है। मेयर बिधान उपाध्याय के निर्देश पर मंगलवार को निगम के कार्यपालक अभियंता आरके श्रीवास्तव के नेतृत्व में निगम टीम ने इसकी शुरूआत बीएनआर मोड़ से की। जीटी रोड और विवेकानंद सरणी के किनारे अतिक्रमण करने वालों को नोटिस दिया गया। इस नोटिस में कहा गया है कि सरकारी जमीन पर अवैध रूप से कब्जा कर बनाए गये निर्माण को तीन दिन के अंदर हटा लें, अन्यथा नगरनिगम द्वारा कानून के अनुसार कार्रवाई की जायेगी। निगम के सचिव शुभोजीत बसु द्वारा यह नोटिस जारी किया गया है। यह नोटिस मिलते ही अतिक्रमणकारियों की नींद उड़ गई है। अब उन्हें डर सता रहा है कि उन्हें उजाड़ न दिया जाये। इस स्थिति में वह रोजीरोटी के लिए कहां जायेंगे।

 सूत्रों के अनुसार फिलहाल बीएनआर मोड़ से जुबली मोड़ तक अतिक्रमणकारियों को नोटिस दिया जा रहा है। अगर वह लोग कब्जा नहीं हटाते हैं, तो निगम प्रशासन पुलिस के सहयोग से उनके खिलाफ कार्रवाई कर सकती है। उल्लेखनीय है कि कुछ दिनों पहले ही मंत्री मलय घटक के नेतृत्व में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक में इसे लेकर फैसला लिया गया था। जिसके बाद से निगम ने शहर के फुटपाथ पर अतिक्रमणकारियों का सर्वे भी कराया था। अब नगरनिगम धीरे-धीरे एक्शन मोड में आता दिख रहा है। लेकिन अभी भी नागरिकों के मन में वही सवाल है कि क्या नगरनिगम वास्तव में कार्रवाई करेगा, या फिर वोट बैंक के लिए सबकुछ भूलकर जैसा बीते 10-12 सालों से चल रहा है, वैसा ही चलता रहने देगा।

One thought on “Asansol अतिक्रमणकारियों को निगम का नोटिस, मचा हड़कंप

  • Morris Dcruze

    Sab natak hai 40 sal se kuch nahi hua atikraman hota gaya. Aur ye sarkar to vote pane ke chakkar me insab ka saath deti rahi ab kya atikraman hatega naya naya dekhne ko mil raha hai beech city me Asansol Bishop House ke opposite naya kabad khana khula hai jo city ka shobha bada raha hai

    Reply

Leave a Reply