पिछले 15 वर्षों में जारी किए गए आर्म्स लाइसेंसों की समीक्षा हो : दुर्गेश
बंगाल मिरर, आसनसोल। आसनसोल निवासी Durgesh Nagi ने Asansol Durgapur Police Commissionerate के पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखकर पिछले लगभग 15 वर्षों में जारी किए गए आर्म्स लाइसेंसों की पुनः समीक्षा कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बदलती सुरक्षा परिस्थितियों को देखते हुए यह आवश्यक हो गया है कि पुराने आर्म्स लाइसेंसों की पात्रता, आवश्यकता और वैधता की निष्पक्ष जांच की जाए।














अपने पत्र में उन्होंने आग्रह किया कि यह सुनिश्चित किया जाए कि केवल सत्यापित, पात्र और कानून का पालन करने वाले व्यक्तियों के पास ही आर्म्स लाइसेंस बने रहें। उन्होंने कहा कि लंबे समय से जारी लाइसेंसों की समीक्षा से सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा सकेगा तथा किसी भी संभावित दुरुपयोग को रोका जा सकेगा।
दुर्गेश नागी ने अपने आवेदन में यह भी मांग की कि जो नागरिक पहली बार आर्म्स लाइसेंस के लिए आवेदन कर रहे हैं, उन्हें भी निष्पक्ष और पारदर्शी प्रक्रिया के तहत अवसर दिया जाए। उनका कहना है कि कई जरूरतमंद और योग्य लोग लंबे समय से लाइसेंस के लिए आवेदन कर रहे हैं, लेकिन उन्हें उचित मौका नहीं मिल पा रहा है।उन्होंने पुलिस प्रशासन से इस पूरे मामले पर गंभीरता से विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई करने की अपील की है।

