कुल्टी जोन के होटल मालिकों के साथ सुरक्षा और साइबर जागरूकता को लेकर पुलिस की बैठक
*बंगाल मिरर, कुल्टी, राजा बंदोपाध्यायः* आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के कुल्टी जोन के सभी होटल मालिकों को लेकर शनिवार को कल्याणेश्वरी स्थित एक निजी प्रेक्षागृह में सुरक्षा और साइबर जागरूकता बैठक आयोजित की गई। बैठक में आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के एसीपी (कुल्टी) जावेद हुसैन, सालानपुर और कुल्टी थाने के इंस्पेक्टर-इन-चार्ज, चौरंगी फाड़ी और कल्याणेश्वरी फाड़ी के आईसी तथा कुल्टी जोन के विभिन्न होटल मालिक उपस्थित थे।इस बैठक में होटलों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।














विशेष रूप से होटलों में अग्निशमन व्यवस्था को लेकर पुलिस की ओर से होटल मालिकों को आवश्यक निर्देश दिए गए। इसके अलावा साइबर अपराध को लेकर भी होटल मालिकों को जागरूक किया गया।

बैठक के बाद एसीपी (कुल्टी) जावेद हुसैन ने कहा कि क्षेत्र के सभी होटल मालिकों के साथ पॉक्सो कानून, अग्नि-सुरक्षा, साइबर अपराध की रोकथाम सहित कई महत्वपूर्ण सुरक्षा संबंधी विषयों पर चर्चा की गई है। साथ ही होटलों में मेहमानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने और निर्धारित नियमों का पालन करने पर विशेष जोर देने के लिए होटल मालिकों से कहा गया है।


