Asansol वार्ड 41 में सफाई व्यवस्था को लेकर विधायक कार्यालय में जन याचिका, निरीक्षण के बाद सफाई अभियान शुरू
बंगाल मिरर, आसनसोल: वार्ड नंबर 41 की बदहाल सफाई व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों की ओर से विधायक कार्यालय में एक सामूहिक याचिका (मास पेटिशन) सौंपी गई। लोगों ने वार्ड के विभिन्न इलाकों में नालियों में जमा कचरे और गंदगी की समस्या को तत्काल दूर करने की मांग की।









विधायक के निर्देश पर शनिवार को बोरो 4 के सैनिटेशन इंस्पेक्टर प्रसन्न घोष, विधायक प्रतिनिधि दीपक गुप्ता, वार्ड 41 के कन्वेनर रोहित पासवान, भोला प्रसाद सहित अन्य सदस्यों ने वार्ड के विभिन्न इलाकों का दौरा किया। टीम ने दिलदार नगर, स्वीपर कॉलोनी, रगनिया पाड़ा और मुर्गासोल समेत पूरे वार्ड का निरीक्षण किया।




निरीक्षण के दौरान कई नालियों में बड़ी मात्रा में कचरा और रूबिश जमा पाया गया। इसके बाद संबंधित सफाई टीम को तत्काल नालियों की सफाई शुरू करने का निर्देश दिया गया। बताया गया कि शनिवार से ही गैंग की पूरी टीम को सफाई कार्य में लगा दिया गया है।
वहीं, वार्ड में स्थायी नालियों में पानी के बहाव को बेहतर बनाने की दिशा में भी काम करने की बात कही गई है। जहां आवश्यक होगा, वहां नई नालियों का निर्माण कराने की व्यवस्था विधायक की ओर से जल्द की जाएगी। इसके अलावा जल्द ही इंजीनियरों की एक टीम भी वार्ड का दौरा करेगी और हाई ड्रेन से पानी की निकासी की व्यवस्था का निरीक्षण करेगी, ताकि जल निकासी सुचारू हो सके।
इस दौरान विधायक प्रतिनिधि दीपक गुप्ता ने स्थानीय लोगों को आश्वासन दिया कि वार्ड की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले पांच वर्षों में वार्ड में निर्वाचित पार्षद की ओर से जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पर्याप्त काम नहीं किया गया और लोगों को केवल आश्वासन देने का काम किया गया।
दीपक गुप्ता ने कहा कि अब वार्ड की समस्याओं को लेकर जवाबदेही तय होगी और पिछले वर्षों में वार्ड के विकास और जनता की समस्याओं के समाधान के नाम पर क्या-क्या काम हुआ, इसका भी पूरा हिसाब लिया जाएगा। उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि सफाई, ड्रेनेज और जल निकासी की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।


