ASANSOL

Asansol : वोट के 48 घंटे के भीतर ही पत्नी-बच्चे के सामने कांग्रेस समर्थक की पीट-पीटकर हत्या का आरोप , गिरफ्तारी की मांग पर थाने में प्रदर्शन

बंगाल मिरर, आसनसोल, राजा बंदोपाध्यायःराज्य में पहले चरण के मतदान के महज दो दिन बाद ही पश्चिम बर्धमान जिले के आसनसोल में माहौल गर्म हो गया है। शुक्रवार रात एक कांग्रेस समर्थक की पत्नी और बच्चे के सामने कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना को लेकर सत्ताधारी दल तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए गए हैं।यह आरोप सीधे तौर पर आसनसोल उत्तर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी प्रसेंजित पुइतुंडी ने लगाया है। उनका दावा है कि इस घटना में शामिल तीनों आरोपी वार्ड नंबर 22 के तृणमूल पार्षद के करीबी और कल्याणपुर हाउसिंग इलाके के निवासी हैं।

हालांकि, तृणमूल कांग्रेस ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। पार्टी के राज्य सचिव वी. शिवदासन उर्फ दासू और वार्ड 22 के पार्षद अनिमेष उर्फ अनिर्बाण दास ने कहा कि इस घटना का राजनीति या पार्टी से कोई संबंध नहीं है।मृतक की पहचान आसनसोल दक्षिण थाना (पीपी) क्षेत्र के विवेकानंद सरणी स्थित अनन्या कॉम्प्लेक्स निवासी देवदीप चट्टोपाध्याय (42) के रूप में हुई है। कॉम्प्लेक्स के मुख्य गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरे में मारपीट की घटना कैद हुई है, जिसमें तीन लोगों को उन्हें बेरहमी से पीटते और जमीन पर गिराते हुए देखा गया है।

फुटेज में उनकी पत्नी और बेटे को हमलावरों से रहम की गुहार लगाते हुए भी देखा गया।शनिवार सुबह करीब 11 बजे कांग्रेस प्रत्याशी प्रसेंजित पुइतुंडी, उनके चुनाव एजेंट शाह आलम खान, पार्टी कार्यकर्ता और परिजन मृतक का शव लेकर आसनसोल दक्षिण थाना पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों से बातचीत की और कार्रवाई का आश्वासन दिया। बाद में शव को आसनसोल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां रविवार को पोस्टमॉर्टम किया जाएगा।मृतक की पत्नी पियाली चट्टोपाध्याय ने प्राथमिक रूप से लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

पुलिस ने मामले में कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।घटना को लेकर पुलिस की भूमिका भी सवालों के घेरे में है। आरोप है कि रात करीब 2 बजे घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी, लेकिन घायल युवक को अस्पताल ले जाने या आरोपियों को गिरफ्तार करने के बजाय उसे पत्नी के साथ घर भेज दिया गया।बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात देवदीप चट्टोपाध्याय अपनी पत्नी और बच्चे के साथ एक जन्मदिन समारोह से लौट रहे थे। रात करीब 2 बजे भगत सिंह मोड़ के पास उनकी किसी चारपहिया वाहन सवारों से कहासुनी हो गई।

इसके बाद वे लोग उनका पीछा करते हुए अनन्या कॉम्प्लेक्स तक पहुंचे, जहां विवाद बढ़ने पर मारपीट की घटना हुई।आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस के डीसीपी (सेंट्रल) ध्रुव दास ने बताया कि एक युवक के साथ मारपीट की घटना हुई है, जिसके बाद उसकी मौत की शिकायत मिली है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और यह भी देखा जा रहा है कि घटना का राजनीति से कोई संबंध है या नहीं। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच जारी है और कई लोगों से पूछताछ की जा रही है।इस घटना को लेकर आसनसोल में राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है।

Social Share or Summarize with AI

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *