SAIL ISP झुलसे ठेका श्रमिक की इलाज के दौरान मौत, परिवार को अनुकंपा नौकरी का आश्वासन
बंगाल मिरर, एस सिंह, बर्नपुर: स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के बर्नपुर स्थित इस्को स्टील प्लांट में कार्यस्थल पर हुए हादसे में गंभीर रूप से झुलसे ठेका श्रमिक सुमन दे चौधरी (गेट पास सं. GP/2026/150590) का 1 सितंबर 2026 को इलाज के दौरान निधन हो गया। मृतक ठेका एजेंसी मैसर्स बनर्जी एंटरप्राइज के माध्यम से कार्यरत थे।यह दुर्घटना 9 अगस्त 2026 को बीओएफ (BOF) मैकेनिकल विभाग के एलएफ-1 (LF-1) में ‘ए’ शिफ्ट ड्यूटी के दौरान हुई थी, जहां कार्यस्थल पर सुमन दे चौधरी गंभीर रूप से झुलस गए थे। हादसे के तुरंत बाद उन्हें ओएचएससी (OHSC) ले जाया गया, जहां से स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आसनसोल स्थित ईएसआई (ESI) अस्पताल रेफर कर दिया गया। बाद में उन्हें विशेषज्ञ चिकित्सा देखभाल के लिए एक उच्च चिकित्सा केंद्र में भर्ती कराया गया था, जहां 1 सितंबर 2026 की सुबह लगभग 10:50 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।














सेल-इस्को प्रबंधन द्वारा जारी आधिकारिक पत्र के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और संबंधित अधिकारियों से अन्य आवश्यक दस्तावेज प्राप्त होने के बाद मृतक के पात्र आश्रित परिवार के एक सदस्य को अनुकंपा के आधार पर नौकरी देने पर विचार किया जाएगा। यह प्रक्रिया सेल-इस्को (SAIL-ISP) की मौजूदा अनुकंपा रोजगार नीति एवं दिशा-निर्देशों के तहत पूरी की जाएगी। यह पत्र एजीएम (एचआर) सायंतन शर्मा और डीजीएम (बीओएफ मैकेनिकल) बिंबाधर राउतराय द्वारा हस्ताक्षरित कर जारी किया गया है.


